काशी के विद्वान पद्मश्री पं गणेश्वर शास्त्री द्राविड़ ने दिया ध्वजारोहण मुहुर्त।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। सांख्य योग के प्रवर्तक श्री कपिल महामुनि आश्रम, श्री क्षेत्र कपिलधारा तीर्थ स्वर्गाश्रम, सिंहस्थ मूल स्थान, नाशिक के दिव्य क्षेत्र में गोदावरी एवं कपिला नदी (गुप्त गोदावरी) के पुण्य संगम पर सिंहस्थ कुंभ महापर्व का भव्य शुभारंभ आगामी 29 नवंबर 2026 को वैदिक विधि-विधान से ध्वजारोहण के साथ किया जायेगा।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक आदिनाथ संप्रदाय के पीठाधीश्वर जगद्गुरु कल्किराम महाराज एवं श्री कपिल महामुनि आश्रम के अध्यक्ष महंत रामनारायण दास गुरू ने बताया कि काशी के सुप्रसिद्ध वैदिक विद्वान, वेदमूर्ति पद्मश्री पंडित गणेश्वर शास्त्री द्राविड़ द्वारा दिए गए शुभ मुहूर्त कार्तिक वद्य पंचमी रविवार 29 नवंबर 2026 पुष्य नक्षत्र, अमृत योग में प्रातः 8:45 से 9 के बीच यह ध्वजारोहण का कार्यक्रम देश के सुप्रसिद्ध संत महात्माओं एवं विशिष्ट विभूतियों के सानिध्य में संपन्न होगा।
लगभग 1132000 वर्ष प्राचीन सिंहस्थ मूल स्थान सन्त ज्ञानेश्वर, समर्थ रामदास स्वामी, गजानन महाराज सहित अनेक महान ऋषि-मुनियों की तप:स्थली रही है। सिंहस्थ कुंभ महापर्व के इस विशाल आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में देश-विदेश से करोडों श्रद्धालु, सन्त महात्मा, अखाड़े, धर्माचार्य एवं गणमान्य अतिथि सहभागिता करेंगे। जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिन्दे, आसाम के मुख्यमंत्री हिमन्ता बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों के भाग लेने की संभावना है।


