मतदान केंद्रो को यथावत बनाए रखने के लिए कांग्रेस ने सौपा ज्ञापन।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की गैरमौजूदगी में उप जिलानिर्वाचन एडीएम प्रशासन पंकज कुमार से मिला और वाराणसी जनपद के विभिन्न मतदान केन्द्रों को उनके पूर्व निर्धारित स्थानों से हटाकर अन्य स्थानों पर स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि सभी पूर्व निर्धारित मतदान केन्द्रों को यथावत बनाए रखा जाए। यदि किसी मतदान केन्द्र का स्थानांतरण अपरिहार्य हो तो उसका स्पष्ट एवं लिखित कारण सार्वजनिक किया जाए तथा संबंधित क्षेत्र के नागरिकों एवं सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त करने के उपरांत ही अंतिम निर्णय लिया जाए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं बल्कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है। निर्वाचन आयोग का दायित्व है कि प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिले। यदि लंबे समय से संचालित मतदान केन्द्रों को अचानक बदला जाता है तो सबसे अधिक परेशानी वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा गरीब एवं कमजोर वर्ग के मतदाताओं को होगी। इससे मतदान की निष्पक्षता और सुगमता दोनों प्रभावित होंगी। कमेटी ने जिला निर्वाचन प्रशासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना सभी संवैधानिक संस्थाओं की सर्वोच्च जिम्मेदारी है तथा मतदाताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फ़साहत हुसैन बाबू, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रमजान अली, अशोक सिंह, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, अफसर खान, हिमांशु सिंह, विजय देवल, विनीत चौबे, दीप विश्वकर्मा, इकराम, रोहित मौर्य, चंद्रिका मौर्य, आनंद चौबे, अरविंद सेठ, रामजी गुप्ता, आजम अंसारी, घनश्याम यादव, राम लखन आदि लोग उपस्थित रहे।


