Kashi ka News. कांग्रेस वाराणसी के सौ वार्डो मे “बूथ प्रहरी” का करेगा नियुक्ति- राघवेंद्र चौबे

 कांग्रेस वाराणसी के सौ वार्डो मे “बूथ प्रहरी” का करेगा नियुक्ति- राघवेंद्र चौबे

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा मैदागिन पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण एवं आवश्यक संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जनसरोकारों से जोड़ने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। बैठक में महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियों,विधानसभा प्रभारियों ने भाग लिया और संगठन विस्तार के लिए व्यापक रणनीति पर विचार-विमर्श किया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस का संगठन केवल शहर या वार्ड स्तर के साथ बल्कि प्रत्येक बूथ तक उसकी सक्रिय उपस्थिति दिखाई दे। इसी उद्देश्य को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने वाराणसी महानगर के 100 वार्डों के प्रत्येक बूथ पर “बूथ प्रहरी” नियुक्त करने का निर्णय लिया है। बूथ किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे छोटी लेकिन सबसे महत्वपूर्ण इकाई होती है। यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और जब संगठन मजबूत होगा, तब जनता की आवाज भी पहले से अधिक मजबूती के साथ उठाई जा सकेगी। कांग्रेस पार्टी का पूरा ध्यान अब बूथ आधारित संगठन निर्माण पर रहेगा, जिससे प्रत्येक मोहल्ले, गली और बस्ती में पार्टी की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।बूथ प्रहरी केवल नाम मात्र के पदाधिकारी नहीं होंगे, बल्कि वे कांग्रेस संगठन की रीढ़ बनेंगे। प्रत्येक बूथ प्रहरी अपने क्षेत्र में जनता और कांग्रेस के बीच एक मजबूत कड़ी का कार्य करेगा। वह स्थानीय नागरिकों से नियमित संपर्क बनाए रखेगा, उनकी समस्याओं को सुनेगा, उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएगा तथा संगठन को क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों से लगातार अवगत कराएगा। इसके साथ ही वह कांग्रेस पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित के कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगा। बूथ प्रहरियों की नियुक्ति पूरी तरह योग्यता, सक्रियता, जनसंपर्क क्षमता और संगठन के प्रति समर्पण को ध्यान में रखकर की जाएगी। प्रत्येक बूथ पर ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी जो वर्षभर जनता के बीच सक्रिय रहते हों और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प रखते हों। कांग्रेस पार्टी केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने वाली पार्टी नहीं है। 

कांग्रेस का इतिहास जनता के संघर्षों, सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का रहा है। यही कारण है कि बूथ प्रहरी अभियान को केवल चुनावी तैयारी के रूप में नहीं, बल्कि एक स्थायी संगठनात्मक अभियान के रूप में चलाया जाएगा। प्रत्येक बूथ प्रहरी अपने क्षेत्र के मतदाताओं से नियमित संवाद स्थापित करेगा, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ेगा, महिलाओं, युवाओं, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखेगा। इसके साथ ही स्थानीय समस्याओं जैसे सड़क, बिजली, पानी, सफाई, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ संगठन के माध्यम से उठाया जाएगा।आने वाले दिनों में महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा वार्डवार संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में बूथ प्रहरियों की नियुक्ति, प्रशिक्षण और कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रत्येक बूथ प्रहरी को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वह पार्टी के कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों, सदस्यता अभियान, जन आंदोलनों तथा चुनावी तैयारियों में प्रभावी भूमिका निभा सके। यह भी निर्णय लिया गया कि बूथ स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा होगी। प्रत्येक बूथ की गतिविधियों का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाएगा तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ने का अवसर भी दिया जाएगा। 

संगठन का उद्देश्य केवल पद बांटना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और जवाबदेह नेतृत्व तैयार करना है आज देश की राजनीतिक परिस्थितियों में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मजबूत संगठन की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की आवाज बनने का कार्य कर रही है और बूथ प्रहरी अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।कांग्रेस का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर ऐसा संगठन तैयार करना है जो जनता के सुख-दुख में हर समय खड़ा रहे। चाहे किसी गरीब परिवार की समस्या हो, युवाओं के रोजगार का प्रश्न हो, महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा हो या किसानों और व्यापारियों की समस्याएं—कांग्रेस का बूथ प्रहरी सबसे पहले जनता के बीच पहुंचेगा और उनकी आवाज को पार्टी के मंच तक ले जाएगा सभी पदाधिकारी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत बनाने में जुटें। कांग्रेस की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और यही कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पार्टी की नई ऊर्जा बनेंगे।वाराणसी महानगर में संगठन विस्तार का एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। सदस्यता अभियान को तेज किया जाएगा, युवाओं और महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस की सक्रिय इकाइयों को और मजबूत किया जाएगा। बैठक में महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, अखिलेश पाण्डेय, रविशंकर श्रीवास्तव, सुनील तिवारी, रोहित मौर्य, संतोष गुप्ता, चंद्रिका मौर्य, उमानाथ पटेल, घनश्याम यादव, राम लखन साहनी, शुभम पटेल, वसीम अहमद समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।