Kashi ka News. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेसजनों मे हर्ष,शहीद छात्रों को दी श्रद्धांजलि।

 धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेसजनों मे हर्ष,शहीद छात्रों को दी श्रद्धांजलि।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जिला/महानगर कांग्रेस द्वारा शनिवार की सायंकाल आज़ाद पार्क, लहुराबीर में लोकतंत्र, संविधान और छात्रों के संघर्ष की जीत के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। राघवेंद्र चौबे की अध्यक्षता में कांग्रेसजनों ने सर्वप्रथम अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर नीट, सीबीएससी एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक प्रकरणों से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण अपनी जान गंवाने वाले छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। 

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि पिछले लंबे समय से देश के करोड़ों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं, परीक्षा प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों तथा शिक्षा व्यवस्था की गिरती विश्वसनीयता से आहत थे। देशभर में छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों की एकजुट आवाज़ के कारण अंततः केंद्र सरकार को झुकना पड़ा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। यह किसी व्यक्ति की हार नहीं, बल्कि अहंकार की हार और लोकतंत्र की जीत है। यह संविधान की ताकत की जीत है। यह उन छात्रों की जीत है जिन्होंने डर और दमन के बावजूद अपनी आवाज़ बुलंद रखी। यह राहुल गांधी के लगातार संघर्ष, कांग्रेस पार्टी के अडिग संकल्प और देशभर के विपक्षी दलों द्वारा उठाई गई जनभावनाओं की जीत है। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा संघर्ष का अंत नहीं, बल्कि न्याय की दिशा में पहला कदम है। कांग्रेस पार्टी की मांग है कि नीट, सीबीएससी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए सभी मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित, तकनीकी रूप से सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाया जाए ताकि देश के युवाओं का विश्वास दोबारा स्थापित हो सके। कांग्रेस पार्टी स्पष्ट करना चाहती है कि हमारी लड़ाई अन्याय, भ्रष्टाचार, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्था और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ के खिलाफ है। जब तक देश के प्रत्येक छात्र को न्याय नहीं मिलेगा, शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनेगी, दोषियों को सजा नहीं मिलेगी और छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस नहीं होंगे, तब तक कांग्रेस पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। 

कार्यक्रम में प्रजानाथ शर्मा, संजीव सिंह, फ़साहत हुसैन बाबू, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, गुलशन अली, अरुण सोनी, राजू राम, विनोद सिंह, रमज़ान अली, वकील अंसारी, अतुल मालवीय, राकेश चंद्र शर्मा, देवेन्द्र सिंह, अखिलेश पाण्डेय, संतोष मौर्य, हसन मेहदी कब्बन, तुफैल, प्रमोद वर्मा, नरसिंह दास, अमरेश पटेल, हाजी इश्लाम, पीयूष श्रीवास्तव, सुफ़ियान अली, बेलाल अहमद, दीप विश्वकर्मा, मिठुन, संजय प्रजापति, रामजी समेत सैकडों जन उपस्थित रहे।