Kashi ka News. स्वर्णकार समाज ने निकाली बाबा श्री कालभैरव की ऐतिहासिक शोभायात्रा।

 स्वर्णकार समाज ने निकाली बाबा श्री कालभैरव की ऐतिहासिक शोभायात्रा।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। स्वर्णिम रथ पर बाबा श्री काल भैरव की स्वर्ण-रजत पंचबदन प्रतिमा नगर भ्रमण पर निकली संपूर्ण काशी "हर-हर महादेव" और "जय बाबा काल भैरव" के गगनभेदी उद्घोष से गुंजायमान हो उठी। सन् 1954 से चली आ रही इस ऐतिहासिक एवं गौरवशाली परंपरा के अंतर्गत स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी द्वारा आयोजित 72वीं भव्य शोभायात्रा में पूर्वांचल सहित काशी के हजारों श्रद्धालु, स्वर्णकार समाज के सभी संस्थाओं के पदाधिकारी, संत-महात्मा, पीठाधीश्वर, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्मिलित हुए। 

शोभायात्रा चौखंंबा स्थित काठ की हवेली से वैदिक मंत्रोच्चार, अनवरत शंखनाद एवं भगवान की विधिवत आरती उतारकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। आगे धर्मध्वजा व पीछे ताशा - बाजा, पाइप बैंड, 11 छत्रधारी अश्वों पर सवार देवस्वरूप, आकर्षक धार्मिक झांकियां तथा भगवान राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, मां काली, मां दुर्गा और श्रीहनुमान तथा माता वैष्णो देवी, गोविंदेश्वर महादेव की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। डमरुओं की गूंज के साथ पूरे मार्ग भर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण एवं विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा, आरती एवं शीतल पेय सेवा के माध्यम से बाबा का भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा चौखंभा, बीबीहटिया, जतनबर, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नारियल बाजार, गोविंदपुरा, ठठेरी बाजार, सोराकुआं एवं गोलघर होते हुए श्री काल भैरव मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा की भव्य महाआरती संपन्न हुई तथा प्रतिमा को पुनः मंदिर में प्रतिष्ठित किया जायेगा।

शोभायात्रा मे आयुष राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र "दयालु", विधायक व पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, रविशंकर सिंह, किशोर सेठ, श्याम सुंदर सिंह, रवि सर्राफ, कमल सिंह, कृष्ण कुमार सेठ, विष्णु दयाल सेठ, राघवेंद्र चौबे सहित हजारों लोग शामिल रहे।