मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला वाराणसी सर्राफा प्रतिनिधिमंडल।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुधवार को सर्किट हाउस में शिष्टाचार भेंट कर सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा एवं हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 के अंतर्गत सच्चे एवं वैध ज्वेलर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। साथ ही जिला स्तर पर सतर्कता समितियों के गठन का भी आग्रह किया, ताकि कानून का प्रभावी एवं निष्पक्ष अनुपालन सुनिश्चित हो सके तथा ईमानदार सर्राफा व्यवसायियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में सर्राफा व्यापार से जुड़े सुरक्षा संबंधी मुद्दों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री से पात्र सर्राफा व्यवसायियों को नियमों के अनुरूप शस्त्र लाइसेंस प्रदान करने की भी मांग की। उनका कहना था कि इससे व्यवसायियों, प्रतिष्ठानों एवं बहुमूल्य आभूषणों की सुरक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा सर्राफा व्यवसायियों के हितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।प्रतिनिधि मंडल में वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधाकृष्ण अग्रवाल, महामंत्री रवि सर्राफ, उपाध्यक्ष सुमित वर्मा शामिल रहे।


