Kashi ka News. वाराणसी में गंगा उफान पर, चेतावनी बिंदु से महज 36 सेंटीमीटर दूर।

 वाराणसी में गंगा उफान पर, चेतावनी बिंदु से महज 36 सेंटीमीटर दूर

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। गंगा के जलस्तर में एक बार फिर तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्लूसी) के राजघाट गेज स्टेशन से सोमवार सुबह 8 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार गंगा का जलस्तर 69.90 मीटर पहुंच गया है और पानी 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। 

राजघाट पर गंगा का चेतावनी स्तर 70.262 मीटर है। मौजूदा जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 36.2 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं खतरे का निशान 71.262 मीटर और अब तक का उच्चतम बाढ़ स्तर (एच, एफ, एल) 73.901 मीटर है। जलस्तर बढ़ने के साथ शहर के प्रमुख घाटों की निचली सीढ़ियां पानी में समाने लगी हैं। स्नान, पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों के लिए जगह लगातार कम हो रही है। 

पानी और बढ़ने पर घाटों के आसपास आवाजाही तथा नाव संचालन भी प्रभावित हो सकता है। गंगा किनारे बसे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन और केंद्रीय जल आयोग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों को नदी के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। अगर जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो आने वाले घंटों में गंगा चेतावनी बिंदु को पार कर सकती है। हालांकि बढ़ोतरी की रफ्तार बदलने पर स्थिति भी बदल सकती है।