Kashi ka News. प्रयागराज में 8 अगस्त को होगा “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम होगा ऐतिहासिक, लाखों छात्र-युवा होंगे शामिल- अजय राय

 प्रयागराज में 8 अगस्त को होगा “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम होगा ऐतिहासिक, लाखों छात्र-युवा होंगे शामिल- अजय राय 

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आज वाराणसी स्थित अपने आवासीय कार्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहे कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा देशभर में चलाया जा रहा “छात्रों की गूंज” अभियान आज छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई का एक सशक्त राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है।इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से हुई, जहाँ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की समस्याओं, पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद यह अभियान उत्तराखंड के देहरादून पहुँचा, जहाँ छात्रों और युवाओं का अभूतपूर्व समर्थन मिला। अब यह अभियान अपने अगले और सबसे बड़े चरण के रूप में आगामी 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होने जा रहा है।प्रयागराज में आयोजित होने वाला “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के इतिहास का एक ऐतिहासिक छात्र-युवा सम्मेलन होगा। प्रदेश के सभी जनपदों से छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, शोधार्थी, बेरोजगार युवा एवं लाखों नौजवान इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और राहुल गांधी के समक्ष अपनी समस्याओं, संघर्षों, सुझावों तथा भविष्य से जुड़े सवालों को सीधे रखेंगे। यह केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि युवाओं के अधिकार, सम्मान, शिक्षा और रोजगार की लड़ाई का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंच बनने जा रहा है।आज देश और उत्तर प्रदेश का युवा पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, रिक्त पदों पर नियुक्तियों में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति से सबसे अधिक प्रभावित है। लाखों छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, लेकिन बार-बार परीक्षाएं निरस्त होने और पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण उनका भविष्य संकट में पड़ जाता है। राहुल गांधी लगातार संसद से लेकर सड़क तक छात्रों और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं और “छात्रों की गूंज” अभियान उसी संघर्ष का विस्तार है, जिसमें छात्र स्वयं अपनी पीड़ा और अपने सुझाव देश के सामने रख रहे हैं कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि देश का भविष्य उसके छात्र और युवा हैं। यदि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सम्मानजनक रोजगार नहीं मिलेगा तो देश का भविष्य भी सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने प्रदेश के सभी कांग्रेसजनों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, छात्र संगठनों एवं युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रयागराज पहुँचकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 8 अगस्त को केपी ग्राउंड में होने वाला “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम लाखों छात्रों और नौजवानों की भागीदारी के साथ उत्तर प्रदेश के छात्र-युवा आंदोलन को नई दिशा देगा और इतिहास रचेगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान अजय राय ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले को लगातार उठाती रही है और शुरू से ही निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे और निष्पक्ष जांच की आवश्यकता बताई थी। उन्होंने कहा कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था सर्वोपरि है और इस पूरे प्रकरण की ऐसी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए जिससे वास्तविक सत्य देश के सामने आए तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई हो। अब तक कार्रवाई केवल छोटे स्तर के लोगों तक सीमित दिखाई देती है, जबकि शीर्ष स्तर पर जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नृपेंद्र मिश्रा, डॉ. अनिल मिश्रा, गोविंद देव गिरी और चंपत राय बंसल की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और उनके विरुद्ध भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसके पद, प्रभाव या राजनीतिक संबंधों के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और कानून सबके लिए समान होना चाहिए। अजय राय ने उत्तर प्रदेश के राशन के कोटेदारों की समस्याओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के राशन के कोटेदार लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष रख रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि कोटेदारों को समय पर कमीशन का भुगतान नहीं किया जाता, उन पर अतिरिक्त कार्यों का बोझ डाला जाता है तथा उनकी वर्षों पुरानी न्यायोचित मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने मांग की कि राशन के कोटेदारों के कमीशन में वृद्धि, समयबद्ध भुगतान, परिवहन व्यय तथा अन्य व्यावहारिक समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। सरकार उनके प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी न्यायोचित मांगों को तत्काल स्वीकार करे।

अंत में कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं, किसानों, महिलाओं, मजदूरों, राशन के कोटेदारों, व्यापारियों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में होने वाला “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, पेपर लीक के खिलाफ संघर्ष और युवाओं के भविष्य की रक्षा का ऐतिहासिक संकल्प बनेगा तथा पूरे देश में छात्र-युवा आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय संग जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा उपस्थिति रहे।