Kashi ka News. प्रो बिहारी लाल शर्मा ने किया दुसरे कार्यकाल के लिए कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण।

 प्रो बिहारी लाल शर्मा ने किया दुसरे कार्यकाल के लिए कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा ने शनिवार को कुलपति कार्यालय में दूसरे कार्यकाल के लिए पुनः कुलपति पद का कार्यभार पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक वैश्विक परिप्रेक्ष्य में प्रतिष्ठित करने का संकल्प व्यक्त किया।

कुलपति प्रो शर्मा ने कहा कि प्राच्य विद्या के इस प्राचीन केन्द्र के कुलपति के रूप में पुनः दायित्व मिलना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। महामहिम कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा उन पर पुनः व्यक्त किए गए विश्वास को वे विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक उत्तरदायित्व और विकास के संकल्प के रूप में स्वीकार करते हैं। 

उन्होंने कहा कि इस विश्वास को सार्थक करने के लिए कठोर अनुशासन, पारदर्शिता, समर्पण और निरन्तर कर्मशीलता के साथ कार्य किया जाएगा। प्रो शर्मा ने कहा कि उनका दूसरा कार्यकाल गौरवशाली परम्परा के संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के हित, शिक्षक नियुक्ति, लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण और विश्वविद्यालय को नई अकादमिक ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा।

ज्ञातव्य है कि महामहिम कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा 17 अगस्त 2026 को प्रो बिहारी लाल शर्मा को विश्वविद्यालय के 38वें कुलपति के रूप में दूसरे कार्यकाल हेतु नियुक्ति आदेश निर्गत किया गया। इससे पूर्व उन्होंने 22 अगस्त 2023 को 37वें कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। पुनर्नियुक्ति के उपरांत प्रो शर्मा ने आज 22 अगस्त 2026 को 38वें कुलपति के रूप में दूसरे कार्यकाल का कार्यभार ग्रहण किया।