करंट लगने से तीन लोगो की हुई मौत,परिजनों से मिले अजय राय।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। बिजली व्यवस्था की बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही ने एक बार फिर ‘स्मार्ट सिटी’ के दावों की पोल खोल दी है। शहर में करंट की चपेट में आने से अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की दर्दनाक मौत ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन दुखद घटनाओं के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
रविवार को चेतगंज थाना क्षेत्र के कालीमहल तिराहे पर करंट की चपेट में आने से त्रिलोकी मोदनवाल (50 वर्ष) की तथा सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा (काजीपुर खुर्द) में बारावफात पर्व की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय अनस को बचाने मे पिता सलीमउद्दीन उर्फ पप्पू (45 वर्ष) भी करंट की चपेट में आने से दोनों की मृत्यु हो गई। अजय राय ने सिगरा क्षेत्र में मृतक अनस और सलीमउद्दीन उर्फ पप्पू के परिजनों से भी मुलाकात की तथा हर संभव मदद कि भरोसा दिया। इस मौके पर अजय राय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है और प्रधानमंत्री स्वयं वाराणसी के सांसद हैं। इसके बावजूद यदि शहर की बुनियादी विद्युत व्यवस्था इतनी बदहाल है कि करंट उतरने से लगातार लोगों की जान जा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? सिर्फ योजनाओं के नाम, बड़े-बड़े दावे और प्रचार से शहर स्मार्ट नहीं बनता।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि दोनों घटनाओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, हादसों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा सभी मृतकों के परिवारों को तत्काल उचित एवं न्यायसंगत आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फ़साहत हुसैन, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, प्रिंस राय, रोहित दुबे, विश्वनाथ कुँवर, मनोज यादव सहित अन्य लोग शामिल थे।


