Kashi ka News. 'तिरंगे की शान' मे मिसेज एशिया विजयता सच्चदेवा ने बच्चों का किया उत्साहवर्धन।

 'तिरंगे की शान' मे मिसेज एशिया विजयता सच्चदेवा ने बच्चों का किया उत्साहवर्धन।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। आस्था फाउंडेशन में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में वाराणसी की मिसेज़ एशिया विजयता सच्चदेवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान गया। तिरंगे की शान में सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और देश की स्वतंत्रता के प्रति अपने सम्मान एवं संकल्प को दोहराया। 

समारोह में आस्था फाउंडेशन के बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मुख्य अतिथि मिसेज़ एशिया विजयता सच्चदेवा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की और कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने का अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली। हमारे बच्चे देश का भविष्य हैं। उनमें शिक्षा के साथ-साथ देशप्रेम, संस्कार, आत्मविश्वास और मानवता की भावना विकसित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आस्था फाउंडेशन के बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उन्हें बेहद प्रभावित किया। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं जरूरतमंद बच्चों की प्रतिभा को मंच देना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण कार्य है। संस्था की डायरेक्टर सोमा ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में उपस्थित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं स्थानीय लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आस्था फाउंडेशन द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। विजयता सच्चदेवा ने बताया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हम केवल तिरंगा फहराने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने भीतर देश के प्रति जिम्मेदारी, प्रेम और सम्मान की भावना को भी मजबूत करें। हमारे बच्चे भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। उन्हें शिक्षा, संस्कार और सही दिशा देकर हम एक सशक्त, शिक्षित और संवेदनशील भारत का निर्माण कर सकते हैं। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। समारोह का वातावरण पूरे समय देशभक्ति एवं उत्साह से ओत-प्रोत रहा। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित, सामाजिक एकता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।