यादव बंधुओं ने पारंपरिक झंडे के साथ बाबा विश्वनाथ का किया जलाभिषेक।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। सावन के प्रथम सोमवार पर गोवर्धन पूजा समिति के नेतृत्व में यादव बंधुओं ने बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में पारंपरिक झंडे के साथ जलाभिषेक कर अपनी परंपरा का निर्वहन किया। जलाभिषेक यात्रा से पूर्व सभी यादव बंधु केदार घाट पहुंचकर गंगा में विधिवत स्नान कर हंडा, गगरा, कलश आदि पात्रों में गंगाजल भर पारंपरिक परिधान धोती, गंजी, लूंगी, दुपट्टा धारण कर आंख में अंजन, माथे पर चंदन लगाकर काशी में स्थित एकमात्र अर्धनारीश्वर स्वरूप गौरीकेदार का जलाभिषेक किया। पुनः जल भरकर तिलभांडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।
गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पु, सहसंयोजक प्रकाश यादव, कैलाश यादव, दिनेश यादव पप्पू और विनय यादव के नेतृत्व में जलाभिषेक यात्रा मदनपुर, जगमबाड़ी होते हुए गोदौलिया पर पूर्व अध्यक्ष अशोक यादव और महापौर अशोक तिवारी ने सभी यादव बंधुओं का स्वागत किया। सभी दशाश्वमेध घाट पहुंचकर पुनः स्नान कर गीले वस्त्रों में जल लेकर पारंपरिक मार्ग से काशी धाम में प्रवेश किए। जिला प्रशासन द्वारा गोवर्धन पूजा समिति को आधे घंटे के लिए गर्भगृह में स्पर्श दर्शन एवं जलाभिषेक की अनुमति दी गई। अल्प समय में अधिक से अधिक यादव बंधुओं ने गर्भगृह में दर्शन एवं जलाभिषेक किया।
जलाभिषेक यात्रा में सीताराम यादव, इंजी0 अशोक यादव, रमेश यादव, पारस यादव, पप्पू, अशोक यादव दिल्ली, विनय यादव, शिवांशु यादव, छाती यादव, राकेश यादव, डॉक्टर रवि यादव, शिव वचन यादव, आनंद यादव, विनीत यादव, विनोद यादव, मनोज यादव, सुबोध यादव सहित हजारों यादव बंधु शामिल रहे।


