Kashi ka News. विश्वास,आत्मीयता व सांस्कृतिक पर्व है रक्षाबंधन-डॉ वैभव जायसवाल

 विश्वास,आत्मीयता व सांस्कृतिक पर्व है रक्षाबंधन- डॉ वैभव जायसवाल 

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गंगानगर काशी दक्षिण भाग की शिव गंगोत्री शाखा द्वारा रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन मां गायत्री शक्तिपीठ सभागार, शिवपुरी कॉलोनी में किया गया। अतिथियों ने ध्वज को रक्षा सूत्र बांधा। सामाजिक एकता, समरसता और राष्ट्र-समाज जीवन में रक्षाबंधन के महत्व पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत करते हुए मुख्य वक्ता नगर के सह संघचालक डॉ वैभव जायसवाल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि समाज में परस्पर विश्वास, आत्मीयता और संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करने वाला सांस्कृतिक पर्व है। 

उन्होनें कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक जीवन को सकारात्मक दिशा देने के लिए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वयंसेवकों में स्व का बोध तथा नागरिक कर्तव्य बोध-इन पंच परिवर्तनों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। जब व्यक्ति अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझकर कार्य करेगा, तभी सशक्त एवं संगठित समाज का निर्माण संभव होगा। अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रमथेश पाण्डेय ने कहा कि यह पर्व हमें केवल व्यक्तिगत संबंधों की रक्षा ही नहीं, बल्कि धर्म, संस्कृति, समाज और राष्ट्र की रक्षा के प्रति अपने दायित्व का भी स्मरण कराता है। 

शाखा कार्यवाह शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने अतिथियों का परिचय कराया। संचालन सुनील किशोर द्विवेदी व दिवाकर ठाकुर द्वारा संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर रामाज्ञा पाण्डेय, अभय, राजेश पाठक, दीपक राम, सेनापति, डॉ रवींद्र सिंह (निवर्तमान पार्षद), रुद्र यादव, आलोक, आशुतोष तिवारी सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।