संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस का ताबड़तोड़ संगठनात्मक बैठक।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत गुरुवार को वाराणसी के कैंट विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक कैंट विधानसभा क्षेत्र के सुकुलपुरा स्थित आंचल वाटिका में हुई। इसके पश्चात सायंकाल खजुरी स्थित शक्ति साईं अपार्टमेंट में अधिवक्ता समाज के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। दोनों बैठकों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं संगठन सृजन अभियान के वाराणसी पर्यवेक्षक बी एम संदीप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठकों का संचालन महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया।
कैंट विधानसभा क्षेत्र की बैठक में विधानसभा से लेकर मंडल, वार्ड और बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित जिम्मेदारी देने तथा प्रत्येक बूथ पर मजबूत और समर्पित टीम तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसजनों, विधानसभा एवं वार्ड स्तर के पदाधिकारियों तथा जमीनी कार्यकर्ताओं से संगठन की वर्तमान स्थिति को लेकर सुझाव लिए गए। कार्यकर्ताओं के अनुभवों और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।इस अवसर पर संगठन सृजन अभियान के माध्यम से ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे लाने पर जोर दिया गया जो लगातार जनता के बीच सक्रिय रहकर उनके मुद्दों को उठाते हैं। साथ ही संगठन को केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच सक्रिय रखने और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
खजुरी स्थित शक्ति साईं अपार्टमेंट में अधिवक्ता समाज के साथ आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं की समस्याओं, उनके अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिवक्ताओं ने अपने पेशे से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों को प्रमुखता से रखा। इस दौरान अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करने तथा उन्हें बेहतर सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक में अधिवक्ताओं के लिए बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा, जरूरतमंद अधिवक्ताओं को सहायता, न्यायिक कार्य से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान तथा अधिवक्ता समाज के सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं संगठन सृजन अभियान के वाराणसी पर्यवेक्षक बी एम संदीप ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस के लिए केवल संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं, बल्कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत और जनाधारित बनाने का व्यापक अभियान है। कांग्रेस का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम, प्रत्येक वार्ड में सक्रिय संगठन और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने वाला कार्यकर्ता तंत्र तैयार करना है।संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की मेहनत, सक्रियता और सामूहिक भागीदारी से होती है। इसलिए संगठन निर्माण की प्रक्रिया में वरिष्ठ कांग्रेसजनों, वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जमीनी कार्यकर्ताओं के सुझावों को महत्व दिया जा रहा है।
अधिवक्ता समाज के साथ बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए अधिवक्ता समाज लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अधिवक्ताओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण मिलना आवश्यक है। कांग्रेस अधिवक्ताओं के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और कल्याण से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की आवश्यकता के साथ-साथ अधिवक्ताओं के लिए बेहतर चिकित्सीय एवं सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था भी जरूरी है।न्याय की लड़ाई लड़ने वाले अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का ही हिस्सा है। कांग्रेस जनता के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को लेकर भी मजबूती से आवाज उठाएगी।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए महानगर कांग्रेस कमेटी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कैंट विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही अधिवक्ता समाज की समस्याओं और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को भी पार्टी के स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं संगठन सृजन अभियान के वाराणसी पर्यवेक्षक बी एम संदीप, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, सलमान बशर, लल्लन पटेल, दयाशंकर पटेल, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, प्रवीण प्रकाश, अशोक सिंह, लोकेश सिंह, धीरेन्द्र नाथ शर्मा, मोहशीन, वीरेन्द्र पंडित, आनंद सिंह, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, अनुपम, अजय कृष्ण, नरेन्द्र पटेल, आलोक सिंह सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, विधानसभा एवं वार्ड स्तर के पदाधिकारी, अधिवक्ता समाज के प्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



.jpg)





.jpg)