Kashi ka News. पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश ।

 पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश ।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार द्वारा नमो घाट से पुरानापुल तक बोट से भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

बाढ़ की स्थिति एवं जलस्तर में होने वाले परिवर्तन पर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बाढ़ राहत शिविर एवं राहत केन्द्र सक्रिय किए गए हैं तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के दृष्टिगत पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा पुलिस एवं एनडीआरएफ टीमों द्वारा राउण्ड-द-क्लॉक पेट्रोलिंग एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। 

नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में बच्चों, बुजुर्गों तथा आमजन को जाने से रोकने एवं सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है। संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखते हुए नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता हेतु 24 घंटे निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।