Kashi ka News. पति की मौत के सदमे में पत्नी और बेटे ने सल्फास खाकर की आत्महत्या।

 पति की मौत के सदमे में पत्नी और बेटे ने सल्फास खाकर की आत्महत्या।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र स्थित वाची होम स्टे में मंगलवार को एक कमरे से मां और बेटे के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी जया मुखर्जी (51) वर्ष और उनके बेटे ईशान मुखर्जी (26) वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों के सल्फास खाने की बात सामने आई है। कमरे से सल्फास का पैकेट भी बरामद किया गया है। दोनों की मौत की सूचना मिलने के बाद लक्सा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 

पुलिस के अनुसार जया मुखर्जी अपने पति विशाल मुखर्जी (56) वर्ष और बेटे ईशान के साथ महाराष्ट्र से काशी दर्शन के लिए सात अगस्त को वाराणसी पहुंचा था और लक्सा थाना क्षेत्र के वाची होम स्टे में कमरा बुक कराया था। परिवार ने पहले दिन काशी में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद होम स्टे लौटकर कमरे में ठहर गया। बताया गया कि विशाल मुखर्जी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और उनकी तबीयत पहले से खराब चल रही थी। रविवार की रात अचानक विशाल मुखर्जी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। होम स्टे के कर्मचारियों और पुलिस की मदद से उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विशाल मुखर्जी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। इसके अगले ही दिन उनकी पत्नी जया मुखर्जी और बेटे ईशान मुखर्जी के शव उसी होम स्टे के कमरे से मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मां और बेटे के शव मिलने की सूचना होम स्टे प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी गई। लक्सा पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे की जांच की गई। पुलिस को कमरे से सल्फास के पैकेट मिले। दोनों के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। 

दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात पुलिस की ओर से कही जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए काशी जोन के एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने वाची होम स्टे के मैनेजर और कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परिवार के सदस्यों की गतिविधियां घटना से पहले कैसी थीं और विशाल मुखर्जी की मौत के बाद मां और बेटे की मानसिक स्थिति कैसी थी। होम स्टे में परिवार के ठहरने और अस्पताल ले जाने से जुड़ी परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि विशाल मुखर्जी की बीमारी के कारण हुई मौत के बाद मां और बेटा गहरे सदमे में थे और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी घटना के पीछे किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है। पुलिस परिवार के अन्य लोगों से संपर्क कर घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाने में लगी है।