भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की वास्तविक शक्ति है- प्रदीप अग्रहरि
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महानगर वाराणसी के नवगठित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी का परिचय एवं सम्मान समारोह मंगलवार को गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में आयोजित किया गया। समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंटकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने, जनसेवा को प्राथमिकता देने और आगामी लक्ष्यों के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वर भाई पटेल का स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। समारोह का शुभारंभ डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।
मुख्य अतिथि जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण को संगठन की सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों से कार्यकर्ताओं के पसीने और परिश्रम से संगठन मजबूत हुआ है। पद मिलने का अर्थ अधिकार जताना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और विनम्रता के साथ संगठन की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि आम से लदा पेड़ जिस प्रकार झुक जाता है, उसी प्रकार पद मिलने के बाद कार्यकर्ता में और अधिक विनम्रता, लचीलापन एवं समझदारी आनी चाहिए। उन्होंने वर्ष 2027 के लक्ष्यों और वर्ष 2047 के विजन को ध्यान में रखते हुए सेवाभाव से कार्य करने का आह्वान किया। महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को स्व-अनुशासन और आत्ममूल्यांकन का मंत्र दिया। उन्होंने प्रत्येक पदाधिकारी से अपनी ‘चरित्र पत्रिका’ तैयार कर प्रतिवर्ष संगठन विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान, अपने व्यवहार तथा सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान का मूल्यांकन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की विचारधारा पर चलने वाला सामाजिक आंदोलन है। यहां व्यक्ति से बड़ा संगठन और संगठन से बड़ा राष्ट्र है। अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के निरंतर परिश्रम और समर्पण से ही भाजपा आज इस मुकाम तक पहुंची है। संचालन महानगर उपाध्यक्ष राहुल सिंह, धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री अशोक जाटव ने किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद साधना सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रेम कपूर, विद्यासागर राय, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय, प्रमील पाण्डेय, विनोद गुप्ता, कुसुम सिंह पटेल, गीता शास्त्री, निर्मला सिंह पटेल, पूजा दीक्षित, जगन्नाथ ओझा, मधुप सिंह, अजय गुप्ता, अमित खरे, नवीन कपूर, प्रमोद यादव मुन्ना, राकेश जायसवाल, साधना वेदांती, योगेश वर्मा, प्रीति सिंह, नेहा कक्कड़, महिमा चिंतक, सुमित मिश्रा, अमित चौरसिया, अनिल उपाध्याय ‘अप्पू’, साधना पाण्डेय, कुशाग्र श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव और मीरा गुप्ता सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


