Kashi ka News. कुलपति प्रो शर्मा को एनसीसी की मानद ‘कर्नल’ रैंक।

 कुलपति प्रो शर्मा को एनसीसी की मानद ‘कर्नल’ रैंक।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ द्वारा बुधवार को सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में आयोजत सम्मान एवं अलंकरण समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा को एनसीसी की मानद ‘कर्नल’ रैंक* प्रदान की गई। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा विश्वविद्यालय में एनसीसी की गतिविधियों, उद्देश्यों और राष्ट्रनिर्माणकारी भूमिका को निरंतर प्रोत्साहित करने के प्रति उनके सक्रिय सहयोग एवं प्रतिबद्धता के सम्मान स्वरूप प्रदान किया गया।

एनसीसी ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पांजियार ने प्रो शर्मा को मानद कर्नल रैंक प्रदान करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण तथा युवाओं के व्यक्तित्व-निर्माण में उनके योगदान का गौरवपूर्ण अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, सेवा-भाव, चरित्रबल और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। मानद कर्नल रैंक प्रदान किए जाने के उपरान्त एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रो शर्मा को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में यह अवसर शिक्षा और सैन्य अनुशासन के सशक्त समन्वय का प्रेरणादायी प्रतीक बन गया। मानद कर्नल रैंक से अलंकृत होने पर प्रो शर्मा ने एनसीसी ग्रुप के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए अत्यंत गौरव, विनम्रता और आत्मीय भाव से अभिभूत करने वाला है। उन्होंने कहा यह सम्मान मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक साधना, आचार्यों की तपःपूत परम्परा, विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं परिश्रम तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के समर्पण का गौरव है। शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन, रैंक प्रदान समारोह, स्वस्तिवाचन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। 

समारोह में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो आनन्द कुमार त्यागी, केन्द्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान, सारनाथ के कुलपति प्रो (डॉ.) वांगचुक दोरजे नेगी, आईयूसीटीई के निदेशक प्रो प्रेम नारायण सिंह, ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पांजियार, ग्रुप कमांडर, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रकरण वर्मा, कमान अधिकारी, 97 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, वाराणसी, लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश रौशन, कमान अधिकारी, 100 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, वाराणसी, लेफ्टिनेंट कर्नल संजेश राय, प्रशासनिक अधिकारी, 100 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, वाराणसी , एनसीसी अधिकारी नितिन आर्य सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारीगण, एनसीसी कैडेट्स तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।