जापान डेलिगेशन सदस्यों का काशी पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। जापान डेलिगेशन का शनिवार को वाराणसी पहुंचने पर होटल ताज गंगेज में भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के बाद डेलिगेशन के सदस्यों ने महात्मा बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ का भ्रमण किया।
इस दौरान उन्हें म्यूजियम, साइट और बुद्ध स्तूप के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी दी गई। सारनाथ पहुंचकर जापान डेलिगेशन के सदस्य यहां की ऐतिहासिक विरासत और आध्यात्मिक वातावरण से बेहद प्रभावित नजर आए। डेलिगेशन के सदस्यों ने बुद्ध स्तूप के समीप जमकर फोटो खिंचवाई और इस ऐतिहासिक स्थल की यादों को कैमरे में कैद किया। इसके बाद जापान डेलिगेशन के सदस्य नमो घाट पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा आरती का दृश्यावलोकन किया। गंगा के तट पर भव्य आरती, मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक वातावरण देखकर डेलिगेशन के सदस्य अभिभूत नजर आए।
उन्होंने काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। जापान डेलिगेशन का यह दौरा भारत-जापान के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों की गहराई को दर्शाता है। सारनाथ की बौद्ध विरासत और काशी की गंगा आरती ने डेलिगेशन के सदस्यों को भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं से रूबरू कराया।


