राखी के पवित्र धागे से बंधा देशभक्ति और भाईचारे का रिश्ता।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के सम्मान में 39 गोरखा रेजिमेंट के प्रांगण में आयोजित भावपूर्ण रक्षाबंधन कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं की बहनों एवं बालिकाओं ने उत्साह के साथ देश के वीर जवानों की कलाई पर राखी बाँधी और उनके प्रति सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
इस मोके पर बाबा जी की फ्री पाठशाला की संरक्षक आरती टण्डन ने स्वयं वीर जवानों को राखी बाँधी, तिलक लगाकर, मिठाई खिलाई और आरती उतारकर सम्मान किया।
इस अवसर पर आरती टण्डन ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि उन वीर सैनिक भाइयों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है, जो अपने परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित कर देते हैं। इन्ही जवानों की वजह से ही हम अपने घरों में सुरक्षित रहकर त्योहार मना पाते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा नेत्री मीना चौबे, नम्रता चौरसिया, वन्दना रघुवंशी, रीना सिंह, राजीव टंडन सहित अनेकों सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी गण शामिल थे।



