कोतवाली पुलिस ने चेन स्नैचिंग का किया खुलासा, बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। कोतवाली थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का सफल खुलासा करते हुए बिहार निवासी दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का एक टुकड़ा, 2200 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बाइक तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत डीसीपी काशी ज़ोन, एडीसीपी काशी ज़ोन, एसीपी कोतवाली एवं प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 अगस्त को मछोदरी पार्क क्षेत्र से संतोष कुमार और रोशन कुमार को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि छह-सात दिन पहले उन्होंने कबीरचौरा अस्पताल के पास एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर उसकी सोने की चेन छीनी थी। छीना-झपटी के दौरान चेन का केवल एक हिस्सा ही उनके हाथ लगा था। बाद में उन्होंने उस चेन के टुकड़े का कुछ हिस्सा तीन हजार रुपये में एक राहगीर को बेच दिया और रकम आपस में बांट ली। बरामद 2200 रुपये उसी बिक्री की बची हुई रकम है।
गिरफ्तार आरोपी संतोष कुमार और रोशन कुमार बिहार के कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के दीरा चांदपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह, उपनिरीक्षक प्रीति कुमारी, प्रशांत गुप्ता, अभय नारायण सिंह सहित कोतवाली थाना एवं सर्विलांस सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


