स्वतंत्रता दिवस के पूर्व संध्या पर निकली भव्य तिरंगा यात्रा।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व संध्या पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत धर्मनगरी वाराणसी में देशभक्ति का अद्भुत जज्बा देखने को मिला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जन-जन में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रज्वलित करने के उद्देश्य से लहुराबीर स्थित क्वीन्स इंटर कॉलेज से एक विशाल एवं भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
इस तिरंगा यात्रा के दौरान देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के बलिदान को नमन किया गया। यात्रा का मुख्य आकर्षण स्कूली बच्चे रहे, जिन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, शहीद-ए-आजम भगत सिंह और महारानी लक्ष्मीबाई जैसी महान हस्तियों की वेशभूषा धारण कर रखी थी।
बाल रूप में उपस्थित इन महानायकों ने राहगीरों और शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस यात्रा की सबसे खास बात यह रही कि इसमें सामाजिक और धार्मिक सीमाओं से परे जाकर हर वर्ग के लोग शामिल हुए। हिंदू, मुस्लिम समेत विभिन्न समुदायों के लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि उन लाखों वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश को आजाद कराने के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
इस तिरंगा यात्रा में शहर दक्षिणी के विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी तथा नगर के अनेकों सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के अलावा सैकड़ो स्कूली बच्चे एवं नगर के गणमान्य लोग शामिल रहे|



.jpg)





