हरिश्चंद्र में आईआईटी जैम 2027 पर विशेष सत्र का आयोजन।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। हरीशचंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं के लिए 'आईआईटी जैम 2027' परीक्षा पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भौतिकी, रसायन, गणित, प्राणि विज्ञान तथा वनस्पति विज्ञान विभाग में अध्ययनरत स्नातक (प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर) के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आईआईटी बीएचयू (आईआईटी-बीएचयू) के विशेषज्ञों ने शिरकत की। आईआईटी बीएचयू के रसायन विभाग से प्रो धनेश तिवारी तथा भौतिकी विभाग से डॉ कुलदीप वर्मा और डॉ सोमनाथ नाथ ने उपस्थित छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। विशेषज्ञों ने आईआईटी JAM के माध्यम से विभिन्न विषयों में प्रवेश की प्रक्रिया, परीक्षा की तैयारी के सटीक तरीके और इसके जरिए मिलने वाले सुनहरे अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस महत्वपूर्ण सत्र में 120 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर लाभ उठाया। कार्यक्रम का संचालन भौतिकी विभाग के डॉ सूर्य प्रताप द्वारा किया गया। इस दौरान भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो आनंद कुमार द्विवेदी, डॉ दर्शन शर्मा, डॉ प्रकाश गुप्ता, डॉ राहुल रंजन एवं डॉ सूर्य प्रताप ने भी आईआईटी जैम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विद्यार्थियों के साथ परिचर्चा की तथा उनके सवालों के जवाब दिए। इस अवसर पर प्रो बिरेंद्र कुमार निर्मल, प्रो संजय श्रीवास्तव, प्रो संगीता श्रीवास्तव, प्रो अशोक कुमार सिंह, डॉ राकेश मणि मिश्रा, डॉ सर्वतेज मौर्या उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में, भौतिकी विभाग की ओर से इस सफल और छात्रोपयोगी कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति देने के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो रजनीश कुंवर के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके कुशल निर्देशन में इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस कार्यक्रम से लाभान्वित हो सके।


