पीएम के क्षेत्र में कागज पर चल रहा स्कूल, मौके पर मिला ताला लगा- संजय सिंह
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कोनिया क्षेत्र में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय को बंद किए जाने और उसे कागजों पर संचालित दिखाने को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन पर उन्होंने जमकर हमला बोला और कहा कि जो स्कूल जमीन पर बंद है, वह सरकारी पोर्टल यू-डायस पर आज भी 'आपरेशनल' कैसे दिख रहा है? जब आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता मुकेश सिंह ने इस फर्जीवाड़े को उजागर किया और स्कूल की बदहाली का वीडियो बनाया, तो प्रशासन ने उनके साथ किसी बड़े माफिया की तरह व्यवहार किया। भारी पुलिस बल भेजकर उन्हें गिरफ्तार करना यह दर्शाता है कि सरकार अपनी कमियां छिपाने के लिए तानाशाही पर उतारू है।
संजय सिंह ने सवाल किया कि क्या बच्चों की शिक्षा के लिए आवाज उठाना गुनाह है? संजय सिंह ने कहा कि विद्यालय के भवन को जर्जर बताकर मरम्मत के नाम पर 3 साल पहले बंद किया गया था। 3 साल बीत जाने के बाद भी मरम्मत पूरी न होना सरकार की नीयत पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मरम्मत के बहाने जानबूझकर गरीब और दलित बच्चों को शिक्षा से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने योगी सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि स्कूलों को ठीक करने के लिए जो 604 करोड़ रुपये जारी हुए हैं, उसका सदुपयोग धरातल पर दिखना चाहिए। अगर एक महीने के भीतर कोनिया के इस स्कूल सहित अन्य स्कूलों की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ, तो आम आदमी पार्टी दोबारा वीडियो बनाने और पोल खोलने का अभियान शुरू करेगी। चाहे सरकार एक नहीं एक हजार एफआईआर दर्ज कर ले, लेकिन बच्चों के हक की लड़ाई नहीं रुकेगी।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा उन पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाना हास्यास्पद है, क्योंकि असल भ्रम तो सरकारी पोर्टल फैला रहा है जो बंद स्कूल को चालू दिखा रहा है। उन्होंने मांग की कि कोनिया सट्टी में हस्तांतरित किए गए विद्यालय को वापस मूल स्थान पर पुनर्निर्मित किया जाए ताकि क्षेत्र के बच्चों को भटकना न पड़े और उन्हें उचित शिक्षा मिल सके। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल, काशी प्रांत अध्यक्ष पवन तिवारी, मनीष गुप्ता, घनश्याम पांडे, कांता प्रसाद, अब्दुल्ला खान, एजाज अहमद, रेखा जायसवाल, विनोद जायसवाल आदि मौजूद थे।


