पं कमलापति त्रिपाठी के जयंती पर साहित्यकार व्योमेश शुक्ल होंगे पुरस्कृत।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। प्रति वर्ष की परंपरानुसार पं कमलापति त्रिपाठी की जयन्ती एवं उसके साथ प.कमलापति त्रिपाठी राष्ट्रीय पत्रकारिता/साहित्य पुरस्कार समारोह उनकी जन्मतिथि तिथि 3 सितंबर को अपराह्न 12.30 बजे उनके औरंगाबाद स्थित आवासीय परिसर में आयोजित है।
पं कमलापति त्रिपाठी राष्ट्रीय राजनेता के साथ ही राष्ट्रीय ख्याति के पत्रकार एवं साहित्यकार थे। हिन्दी पत्रकारिता एवं साहित्य की प्रतिष्ठित विभूतियों के साथ साथ उनका गहरा सम्बन्ध राष्ट्रीय हिन्दी संस्थाओं एवं पत्रकार संगठनों के साथ भी गुरुतर दायित्वों सहित था। वह नागरी प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष भी रहे। सम्प्रति युवा हिंदी साहित्यसेवी एवं रंगकर्मी व्योमश शुक्ल राष्टीय संस्था नागरी प्रचारिणी सभा के गौरव के पुनर्जागरण, पुनरुत्थान की दिशा में महत्तम कार्य कर रहे हैं। अतः पं कमलापति त्रिपाठी हिंदी पत्रकारिता एवं साहित्य का इस वर्ष का राष्ट्रीय पुरस्कार व्योमेश शुक्ल को फाउंडेशन द्वारा दिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि इस पुरस्कार की परम्परानुसार ₹ 1 लाख की सम्मान धनराशि के साथ पुरस्कार प्राप्तकर्ता को सम्मानित किया जाता है। मृणाल पांडे, विनोद दुआ, पुण्य प्रसून वाजपेई, प्रो काशीनाथ सिंह, अशोक वानखेड़े, ब्रजेश मिश्र आदि सहित अनेक प्रशस्त संपादक, पत्रकार एवं साहित्यकार इससे अलंकृत किये जा चुके हैं।
एक पत्रकार वार्ता में उपर्युक्त जानकारियां देते हुये पं कमलापति त्रिपाठी फाउन्डेशन के अध्यक्ष एवं पू0 विधान परिषद सदस्य राजेशपति त्रिपाठी ने बताया कि उ.प्र. सिंचाई आयोग के पूर्व अध्यक्ष विजय शंकर पाण्डेय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। पुरस्कार प्राप्तकर्ता एवं मुख्य अतिथि शुक्ल के अलावा सेठ गोविंददास द्वारा संस्थापित हिंदी हितकारिणी सभा, जबलपुर की अध्यक्ष सुनयना पटेरिया विशिष्ट अतिथि होंगे। इस अवसर पर पं.कमलापति त्रिपाठी के बहुआयामी व्यक्तित्व एवं कृतित्व का परिचय देती एक पुस्तिका का भी प्रकाशन किया गया है। साथ ही फाउंडेशन ने तय किया है कि आगामी दिनों में वाराणसी एवं निकट जनपदों के स्कूलों के चुनिंदा बच्चों की एक क्विज प्रतियोगिता भी कमलापति त्रिपाठी के व्यक्तित्व एवं योगदान पर आयोजित की जायेगी।
.jpg)

