सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में मंडलीय मलखंभ प्रतियोगिता संपन्न।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। भेलूपुर स्थित सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित मंडलीय मलखंभ प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने मलखंभ पर अद्भुत शारीरिक संतुलन, फुर्ती और पारंपरिक खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस मंडलीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी अब आगामी राज्यस्तरीय (प्रदेशीय) मलखंभ प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करने के लिए झांसी जाएंगे। प्रतियोगिता को सुचारू, निष्पक्ष व सफलतापूर्वक संपन्न कराने में खेल आयोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सभी अतिथियों और अधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें प्रदेशीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों ने बताया कि मलखंभ जैसे पारंपरिक भारतीय खेल को युवाओं में लोकप्रिय बनाने और उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी गई। इस अवसर पर मुख्य रूप से जनपद खेल सचिव सर्वेश कुमार सिंह, भरत सिंह, उपेंद्र सिंह, डॉ आशीष कुमार सिंह, राजीव प्रताप सिंह, ममता दुबे आदि उपस्थित रहे।


