लंका व भेलूपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने तीन अन्तर्जनपदीय चोरों को किया गिरफ्तार।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। चोरी, लूट, छिनैती आदि की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के दौरान लंका और भेलूपुर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज व अन्य इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों की मदद से तीन अन्तर्जनपदीय शातिर चोरों के गिरोह को मंगलवार को रविन्द्र पुरी पेट्रोल पम्प के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सफेद धातु की दो सिल्ली (अनुमानित लागत 4 लाख रुपए), एक चोरी की स्कूटी व 50,000/नगदी बरामद किया। गिरफ्तार किए गए तीनों चोरों के नाम क्रमशः समीर सोनकर पुत्र माता प्रसाद सोनकर निवासी भगवानपुर थाना लंका, करण सोनकर पुत्र बबलू सोनकर निवासी नगवा थाना लंका, हिमांशु गिरि पुत्र सुरेंद्र गिरि निवासी स्थाई पता ग्राम बाला थाना बिक्रमगंज, जिला रोहतास, बिहार हाल पता भगवानपुर, थाना लंका बताया गया।
तीनों अभियुक्तों को मंगलवार को मीडिया के सामने पेश करते हुए एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि अभियुक्तों से बरामद पैसों व माल के बारे में पूछने पर बताया कि हम लोग नशे के आदी हैं। जुलाई महीने में भगवत धाम कॉलोनी रमना में हम तीनों ने मिलकर एक बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरी किए थे। अगस्त महीने में हम लोगों ने श्याम नगर कॉलोनी डाफी में एक बंद मकान का ताला तोड़कर घर में घुसकर चोरी किए थे जिसमें कुछ जेवरात और कैश हम लोगों को मिले थे। मकान से हम लोगों को कुछ चांदी के जेवरात मिले थे जिन्हें हम लोगों ने पकड़े जाने की डर से उसे एक अज्ञात व्यक्ति के पास जाकर उन्हें पिघलवाकर उसकी छोटी सिली बनवा लिए थे। बंगाली कॉलोनी भगवानपुर में भी बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर घर में घुसकर चोरी किए थे। भेलूपुर के जानकी नगर कॉलोनी में भी ताला तोड़कर चोरी किए थे। समीर सोनकर ने बताया कि मैं करण और लूलिया मिलकर चोरी किए थे। जिसमें हमारा साथी लूलिया पकड़ा गया था। हम लोग भी पकड़े जाने की डर से इधर-उधर छिपकर रह रहे थे। जगतगंज की चोरी में जो भी पैसे हिस्से में हमें और करण को मिले थे उसे हम लोगों ने खा पीकर खर्च कर दिया है। चोरी का जो कुछ भी सामान मिला था उनको हम लोगों ने राहगीरों को बेच दिया था, जो पैसे मिले उन्हें आपस में बांट लिया गया। पुलिस के अनुसार समीर सोनकर के विरुद्ध भिन्न-भिन्न थानों में कुल 20 मुकदमे, करण सोनकर पर छह मुकदमे तथा हिमांशु गिरी पर चार मुकदमे भिन्न-भिन्न थानों में दर्ज हैं।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को भा0द0वि0 की धारा 305 ए,324 (2),317(2), 317(4) बीएनएस के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा, उ0नि0 सौरभ तिवारी, प्रिंस तिवारी, उ0नि0 कृष्ण देव उपाध्याय, अनिल कुमार, राहुल जायसवाल, सैकी प्रसाद, किशन सोनी, जीतेन्द्र कुमार, रंगराजन, अमित शुक्ला, सूरज कुमार, कृष्ण कान्त पाण्डेय, पवन कुमार, सूरज भारती, राहुल पासी, सत्यदेव, प्रशान्त तिवारी, अश्वनी सिंह सर्विलांस सेल आदि शामिल रहे।


