Kashi ka News. शासन-प्रशासन के 'दोहरी नीति' से नाविक समाज भुखमरी के शिकार-अनुपम राय

 शासन-प्रशासन के 'दोहरी नीति' से नाविक समाज भुखमरी के शिकार-अनुपम राय

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। गंगा में बढ़े जलस्तर और बाढ़ के हालातों के बीच उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव/ प्रदेश संगठन प्रभारी युवा नेता अनुपम राय ने राजघाट स्थित माझी समाज के लोगो से मुलाकात कर हाल-चाल जाना है। इस अवसर पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों से छोटी नावों के संचालन पर रोक लगाए जाने के बावजूद बड़े क्रूज के संचालन को लेकर स्थानीय नाविक व माझी समाज में समर्थन में युवा नेता अनुपम राय ने माझी समाज के साथ खड़े होकर क्रूज संचालन का कड़ा विरोध करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की। 

उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बाढ़ की विभीषिका के दौरान जब गरीब नाविकों की नावों को किनारे बांध दिया गया है और उनके सामने रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा हो गया है, ऐसे समय में पूंजीपतियों के क्रूज को गंगा के सीने पर दौड़ाया जा रहा है, यह प्रशासन की साफ तौर पर दोहरी नीति है। अगर गंगा का बहाव और जलस्तर छोटी नावों के लिए खतरनाक है, तो इतने बड़े क्रूज से घाटों और सुरक्षा को खतरा क्यों नही देखा जा रहा है?, बाढ़ के तेज बहाव में जब भारी-भरकम क्रूज चलता है, तो उससे उठने वाली तेज लहरें जलमग्न पक्के घाटों और प्राचीन मंदिरों की नींव से टकराती हैं, इससे ऐतिहासिक घाटों के धंसने और धरोहरों को गंभीर नुकसान पहुंचने का बड़ा जोखिम बना हुआ है।

 इस अवसर पर मुख्य रूप से काशी निषाद राज आठ फेरी के अध्यक्ष दुर्गा मांझी, महामंत्री रितिक साहनी, नारायण मांझी, सागर साहनी, भानु साहनी, देवेंद्र साहनी 'कल्लू' सहित अन्य लोग उपस्थित थे।