Kashi ka News. समाज निर्माण के आधार शिक्षको के सम्मान से ही राष्ट्र का भविष्य मजबूत-प्रो रजनीश कुंवर
समाज निर्माण के आधार शिक्षको के सम्मान से ही राष्ट्र का भविष्य मजबूत-प्रो रजनीश कुंवर
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर शिक्षक संघ के तत्वावधान में 5 सितंबर को हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर अनिल कुमार को सम्मानित किया गया। अध्यक्षता प्राचार्य प्रो रजनीश कुंवर तथा मुख्य अतिथि महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रो पंकज सिंह व विशिष्ट अतिथि विधि विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो अशोक कुमार सिंह एवं प्रो विजय कुमार राय प्राचार्य, गांधी स्मारक त्रिवेणी पीजी कॉलेज, बरहद, आजमगढ़ भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रो रजनीश कुंवर ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देने का कार्य नहीं करता, बल्कि वह उनके व्यक्तित्व, चरित्र और जीवन-दृष्टि का निर्माण भी करता है। डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने शिक्षा और शिक्षक की गरिमा को जिस ऊंचाई तक पहुंचाया, वह आज भी पूरे शिक्षण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बदलते समय और तकनीकी युग में शिक्षकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करता है।
मुख्य अतिथि प्रो पंकज सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल शिक्षकों के सम्मान का दिन नहीं, बल्कि शिक्षा के मूल्यों और शिक्षक-शिष्य परंपरा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर भी है। विशिष्ट अतिथि प्रो अशोक कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय परंपरा में शिक्षक को सदैव सर्वोच्च सम्मान प्राप्त रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से परिवर्तन हो रहा है। ऐसे में शिक्षकों को ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। प्रो विजय कुमार राय ने कहा कि शिक्षक समाज का वह वर्ग है जो राष्ट्र की नई पीढ़ी के निर्माण में निरंतर योगदान देता है। कार्यक्रम का संचालन धीरेंद्र कुमार सिंह व अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो ओम शर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के उप प्राचार्य प्रो. विश्वनाथ वर्मा, प्रो. ऋचा सिंह, प्रो. ममता वर्मा, प्रो. कनकलता विश्वकर्मा, डॉ. शिवानंद यादव, डॉ. राम, आशीष, डॉ. प्रज्ञा ओझा, डॉ. राजपाल, डॉ. रवीश कुमार, डॉ. सतेंद्र सिंह, डॉ. धर्मेंद्र गुप्ता, डॉ. वंदना पांडे, डॉ. सोनल सिंह, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. योगेंद्र प्रसाद आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ. अजीत कुमार, डॉ. मोहम्मद अबू साहिद, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. विनीत कुमार, डॉ. रविकांत कसौधन सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


