Kashi ka News. . रासलीला और नंदोत्सव से दो दिनों तक कृष्णमय रहेगा श्रृंगेरी मठ।

 रासलीला और नंदोत्सव से दो दिनों तक कृष्णमय रहेगा श्रृंगेरी मठ।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर महमूरगंज स्थित श्री श्रृंगेरी शंकराचार्य मठ दो दिनों तक भक्ति, संगीत, संस्कृति और धार्मिक उल्लास से सराबोर रहेगा। श्री राधा रानी सेवा ट्रस्ट की ओर से आगामी 4 एवं 5 सितंबर 2026 को भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, शोभायात्रा, नंदोत्सव, भजन-कीर्तन और रासलीला सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य श्रीकृष्ण की भक्ति और भारतीय धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है। 4 सितंबर को शोभायात्रा प्रातः 6 बजे नवोदित नगर एक्सटेंशन कॉलोनी, महमूरगंज से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री श्रृंगेरीमठ पहुंचेगी। विभिन्न स्थानों पर दही-हांडी कार्यक्रम भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शाम को परिसर में 6 बजे तुलसी आरती, 6:45 बजे गौर आरती व 7 बजे नृसिंह आरती के बाद रात्रि 8 बजे से आचार्य ऋषिदेव द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। रात 10:30 बजे महाभिषेक एवं छप्पन भोग का आयोजन होगा। मध्यरात्रि 12 बजे महाआरती के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद रात्रि 12:30 बजे से विशाल भंडारा एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगें। 

महोत्सव के दूसरे दिन 5 सितंबर को नंदोत्सव के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक व्यास पूजा, 3 से 4 बजे तक साहित्य सेवक द्वारा काव्य पाठ और शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। शाम 6:30 बजे आरती, 7:30 से 8:30 बजे तक भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे, जिसमें आचार्य ऋषिदेव की प्रस्तुति। प्रमुख आकर्षण रात्रि 8:30 से 9 बजे तक महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के नाट्यशास्त्र एवं कला संकाय के छात्र-छात्राओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का सजीव मंचन किया जाएगा और रासलीला के समापन के बाद रात्रि 9 बजे से विशाल भंडारा का आयोजन होगा। 

दो दिवसीय महोत्सव को सफल बनाने के लिए श्री राधा रानी सेवा ट्रस्ट आयोजन समिति तैयारियों में जुटी हुई है। प्रेसवार्ता मेमुख्य रूप से ट्रस्ट संरक्षक मनोज त्रिपाठी, पी के मिश्रा, निकी अग्रवाल, चंदा सिंह, अध्यक्ष सीमा तिवारी, मुख्य सचिव अनूप कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष अभिषेक कुशवाहा, विनय शुक्ला, प्रशांत सिंह, अनिल शास्त्री, अभिषेक मिश्रा, विक्की तिवारी, प्रभात कुशवाहा, अंकित सिंह, सुनील, रजत सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।