Kashi ka News उत्तर प्रदेश मे हेल्थ रैंकिंग मे वाराणसी को मिला प्रथम स्थान।

 उत्तर प्रदेश मे हेल्थ रैंकिंग मे वाराणसी को मिला प्रथम स्थान।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

 वाराणसी। स्वास्थ्य विभाग के उत्तर प्रदेश हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड के अगस्त 2026 के आंकड़ों के अनुसार वाराणसी प्रदेश के सभी जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जनपद का संयुक्त स्कोर 0.81 रहा, जबकि जुलाई माह की तुलना में इसमें 30.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन, टीबी नोटिफिकेशन एवं एचआईवी स्क्रीनिंग सहित विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों के आधार पर जनपदों का प्रदर्शन दर्ज किया जाता है। अगस्त 2026 में वाराणसी के प्रमुख संकेतकों में 4 या उससे अधिक एएनसी एवं हीमोग्लोबिन जांच प्राप्त करने वाली गर्भवती महिलाओं का अनुपात 100 प्रतिशत, संस्थागत प्रसव 95.95 प्रतिशत, 70 प्रतिशत सी-सेक्शन वाले सीएचसी का संकेतक 31.01 प्रतिशत तथा 30 प्रतिशत सी-सेक्शन वाले जिला अस्पतालों का संकेतक 65.19 प्रतिशत रहा। नवजातों को एचबीएनसी विजिट की उपलब्धि 100 प्रतिशत तथा पूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि 97.98 प्रतिशत रही। इसी प्रकार पेंटावैलेंट-3 एवं बीसीजी का अनुपात 1.53, स्थायी परिवार नियोजन विधि की स्वीकृति 1.21 प्रति 1000 पात्र दंपति, प्रतिवर्ती परिवार नियोजन विधि 17.43 प्रति 1000 पात्र दंपति, टीबी नोटिफिकेशन दर 100 प्रतिशत तथा गर्भवती महिलाओं की एचआईवी स्क्रीनिंग 100 प्रतिशत दर्ज की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन पी सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य रैंकिंग में वाराणसी का प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर अनुश्रवण, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं तथा स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। रैंकिंग को केवल उपलब्धि के रूप में न देखकर प्रत्येक स्वास्थ्य संकेतक में निरंतर सुधार के लिए प्रेरणा के रूप में लिया जा रहा है। जिन संकेतकों में अपेक्षाकृत सुधार की आवश्यकता है, उनकी नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जनपद के सभी चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, आशा एवं एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी कार्मिकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं जनसंतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे भी इसी प्रकार निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।