श्री कृष्ण उत्सव सेवा समिति ने श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जन्मोत्सव।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। श्री कृष्ण उत्सव सेवा समिति के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अध्यक्ष अशोक कसेरा के आवास पर धूमधाम एवं भव्यता के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की।
मध्यरात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ, पूरा परिसर नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठा। जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान के बाल स्वरूप को रजत पालने में विराजमान कराया गया तथा विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण का दूध, दही, शहद, शक्कर, घी एवं पंचामृत से अभिषेक कराया गया। इसके पश्चात भगवान का आकर्षक शृंगार कर उन्हें सुंदर वस्त्र एवं सुगंधित पुष्प मालाएं अर्पित की गईं। पूजन-अर्चन के बाद भगवान को पंजीरी, मेवा, फल, माखन-मिश्री सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाया गया।
इस अवसर पर विशेष रूप से मनमोहक एवं आकर्षक झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। झांकी में बाल स्वरूप श्रीकृष्ण की मनोहारी छवि ने सभी का मन मोह लिया। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के पश्चात विधिवत आरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। आरती के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर श्री कृष्ण उत्सव सेवा समिति के महामंत्री विनोद कसेरा, कोषाध्यक्ष भईया लाल, केदार नाथ, झल्लू, सत्यनारायण, प्रगति सिंह, पूनम वर्मा, अदिति वर्मा, मनोज कसेरा, राजू कसेरा, शिवांशु एवं आशीष सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


