Kashi ka News राष्ट्रपति द्वारा अभिनेता संजय मिश्रा पुरस्कृत, शिव बारात समिति परिवार ने मनाया जश्न।

 राष्ट्रपति द्वारा अभिनेता संजय मिश्रा पुरस्कृत, शिव बारात समिति परिवार ने मनाया जश्न।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। राष्ट्रीय फिल्म समारोह में राष्ट्रपति के हाथों रजत कमल से सम्मानित होने वाले बालीबुड अभिनेता संजय मिश्रा का सफर कोई मामूली सफर नहीं है। इस नाम के पीछे कोई कॉर्पोरेट घराना नहीं था, कोई फिल्मी बैकग्राउंड नहीं था और न ही विरासत में अभिनय की बारीकियों को देखने-समझने का मौका मिला था। उन्होने अपने दम पर संघर्ष से जगह बनाई है। इनका जन्मस्थली भले ही बिहार है लेकिन कर्मक्षेत्र बनारस रहा है। यहीं शिक्षा-दीक्षा हुई, यहीं मित्र-मंडली बनी। फिल्मी दुनिया में अपना स्थान बनाने के लिए सड़क पर फोटोग्राफी से लेकर ढाबे पर काम करने तक का संघर्ष देखा और अंततः मुंबई नगरी में टेलीविजन सीरियल 'ऑफिस-ऑफिस' में बनारसी अंदाज में पान घुलाते शुक्ला के किरदार से पहचान मिली। फिर क्या था, देखते ही देखते अपने उसी बनारसी अंदाज में वो फिल्मी दुनिया में छा गए तथा बड़े-बड़े स्टार्स के साथ काम करने का अवसर मिलने लगा। सबसे बड़ी बात रही की संजय ने कभी बनारसीपन नहीं छोड़ा।मौका मिलते ही बनारस की ओर रूख होता है और बनारसी मित्रों के साथ धमा-चौकड़ी, कभी मित्रों को एहसास भी नहीं होता कि साथ में कोई नामचीन फिल्म कलाकार है। सभी के लिए तो वही बनारसी मस्त मौला 'संजयवा' है। राष्ट्रपति से सम्मानित होने तथा संजय की शादी की वर्षगांठ पर बनारसियों और शिव बारात समिति परिवार ने पटाखे छोड़े व एक -दुसरे को मिठाई से मुंह मीठा कराकर जश्न मनाया। इस अवसर पर शिव बारात समिति परिवार के दिलीप सिंह, पवन खन्ना, महेश माहेश्वरी, कमल कुमार सिंह, संजय अग्रवाल, शम्मी खत्री, विवेक शुक्ला, प्रदीप सरीन, गोरख यादव, डॉ सुदेश खन्ना, मयंक अग्रहरी, लकी केशरी, आर्यन यादव, अभिषेक गुप्ता आदि लोग शामिल रहे।