Kashi ka News जीएसटी को सरल बनाने की दीपक बजाज ने किया स्वागत।

 जीएसटी को सरल बनाने की दीपक बजाज ने किया स्वागत।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में संपन्न 57वीं जीएसटी परिषद की बैठक में उद्योग एवं व्यापार जगत के हित में की गई महत्वपूर्ण सिफारिशों का स्वागत किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने कहा कि जीएसटी परिषद द्वारा प्रस्तावित सुधार देश की कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल, व्यावहारिक एवं उद्योग-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विशेष रूप से जीएसटी के अंतर्गत गिरफ्तारी संबंधी प्रावधानों को समाप्त करने और अभियोजन की मौद्रिक सीमा ₹1 करोड़ से बढ़ाकर ₹5 करोड़ करने की सिफारिशों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे ईमानदारी से व्यापार करने वाले उद्यमियों का विश्वास बढ़ेगा तथा अनावश्यक कानूनी भय कम होगा। व्यापारी एवं उद्योगपति देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन तथा राजस्व वृद्धि के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। कर व्यवस्था का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि स्वैच्छिक अनुपालन को प्रोत्साहित करना और व्यापार के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी होना चाहिए। जीएसटी परिषद की ये सिफारिशें इसी सकारात्मक सोच को दर्शाती हैं। बजाज ने कहा कि रोलर फ्लोर मिलिंग एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में कच्चे माल की खरीद, गेहूं का परिवहन, मशीनरी में निवेश, तैयार उत्पादों की आपूर्ति और कार्यशील पूंजी का अत्यधिक महत्व है। ऐसे में जीएसटी प्रक्रियाओं का सरलीकरण, समयबद्ध रिफंड तथा अंतरराज्यीय परिवहन में अनावश्यक रुकावटों की समाप्ति इस उद्योग के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में शामिल है तथा यहां बड़ी संख्या में रोलर फ्लोर मिलें संचालित हैं। ये उद्योग किसानों, परिवहन व्यवसाय, श्रमिकों तथा बिस्कुट, ब्रेड, बेकरी एवं अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों से सीधे जुड़े हुए हैं। एसोसिएशन ने पीएम मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति उद्योग-अनुकूल सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया।