Kashi ka News भाजपा का दलित समाज के प्रति रवैया चिंताजनक-अजय राय

 भाजपा का दलित समाज के प्रति रवैया चिंताजनक- अजय राय

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

 वाराणसी। महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती पर सोमवार को कैंटोनमेंट स्थित तिराहे पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय राय ने महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने भी महर्षि वाल्मीकि जी को नमन करते हुए उनके महान जीवन, साहित्यिक योगदान और सामाजिक समरसता के संदेश को याद किया। इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी भारतीय संस्कृति, साहित्य और आध्यात्मिक परंपरा के महान ऋषि हैं। उन्हें आदिकवि के रूप में सम्मानित किया जाता है तथा संस्कृत रामायण के रचयिता के रूप में उनका स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी रचना रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों, कर्तव्य, त्याग, करुणा, न्याय और मर्यादा का संदेश देने वाला महाकाव्य है। महर्षि वाल्मीकि का जीवन परिवर्तन, साधना और ज्ञान की अद्भुत प्रेरणा है। उनकी रचना में समाज, परिवार, शासन, न्याय और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण संदेश मिलते हैं।आज आवश्यकता है कि हम उनके संदेशों को केवल समारोहों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में भी उतारे। अजय राय ने भाजपा के लोगों द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला जलाए जाने के मामले पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती मना रहा है और उनके विचारों को नमन कर रहा है। ऐसे समय में दलित समाज से आने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला जलाए जाने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है भारतीय जनता पार्टी को पहले अपने आचरण और अपने नेताओं के बयानों एवं व्यवहार का आकलन करना चाहिए, उसके बाद विपक्ष पर सवाल उठाने चाहिए।भाजपा के लोगों की ऐसी गतिविधियां दलित समाज के सम्मान और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े करती हैं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फ़साहत हुसैन बाबू, अनुराधा यादव, विनोद सिंह कल्लू, राजीव राम, चंचल शर्मा, हसन मेंहदी कंब्बन, रोहित दुबे, अरविंद बाल्मीकि, संतोष मौर्य, लक्ष्मी यादव, लालजी यादव, मदन कन्नौजिया, मो आदिल, रेनू चौधरी, साबिर आदि लोग उपस्थिति रहे।

SOURCE: VARISHTHA CONGRESS NETA AJAY RAY KA BAYAAN.