Kashi ka News काशी के विश्व प्रसिद्ध नाटी इमली के भरत मिलाप मे शामिल हुए अजय राय।

 काशी के विश्व प्रसिद्ध नाटी इमली के भरत मिलाप मे शामिल हुए अजय राय।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। काशी की विश्व प्रसिद्ध नाटी इमली के भरत मिलाप में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय राय शामिल हुए। इस अवसर अजय राय ने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि आस्था, अध्यात्म, संस्कृति, लोकाचार और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत संगम है। यहां मां गंगा की पवित्र धारा के साथ गंगा-जमुनी तहजीब की मिठास बहती है। काशी की पहचान उसकी धार्मिक आस्था, समृद्ध संस्कृति, आपसी भाईचारे और सदियों पुरानी लोक परंपराओं से है। नाटी इमली का भरत मिलाप इसी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। नाटी इमली का भरत मिलाप काशी का 488 वर्ष पुराना विश्व प्रसिद्ध लक्खा मेला है। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि काशी की आत्मा, जनआस्था और ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक है। इस मेले में लाखों लोग शामिल होते हैं, जिसके चलते शहर में आवागमन प्रभावित होता है। काशीवासियों की धार्मिक भावनाएं इस आयोजन से गहराई से जुड़ी हुई हैं और इसकी परंपरा को निभाना हम सभी का दायित्व है वाराणसी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। वर्ष 2014 से वह वाराणसी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में उनको काशी की विश्व प्रसिद्ध परंपराओं, ऐतिहासिक आयोजनों की पर्याप्त जानकारी रखनी चाहिए और यहां के जनजीवन की विशेषताओं की जानकारी तथा उनका सम्मान होना चाहिए।काशी की इतनी महत्वपूर्ण परंपरा के दिन ही एयर शो का आयोजन रखा गया, जबकि तिथि के निर्धारण में स्थानीय जनजीवन और लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखा जा सकता था। हम सभी भारतीय सेना के पराक्रम, अदम्य साहस और शौर्य का सम्मान करते हैं। हम काशीवासी अपनी परंपराओं को जानते हैं, उनका सम्मान करते हैं और पीढ़ी-दर-पीढ़ी उन्हें निभाते आ रहे हैं। काशी का भरत मिलाप हमारी आस्था और सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि आप काशी के सांसद हैं, तो यहां की परंपराओं को समझिए, उन्हें आत्मसात कीजिए और किसी भी बड़े आयोजन की तिथि तय करने से पहले स्थानीय परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार कीजिए। नाटी इमली का भरत मिलाप इसी गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है, जो हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को आस्था और संस्कृति के एक सूत्र में पिरोता है। भरत मिलाप मे महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, अमित पाठक, रोहित दुबे, आनंद पांडेय, आशीष गुप्ता, रवि, अश्वनी यादव सहित अन्य लोग भी शामिल हुए।

SOURCE: CONGRESS COMMITE KE PURV ADHYAKSH AJAY RAY KA BAYAN