भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल हुए हरिश्चंद्र पीजी के विद्यार्थी।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के अवसर पर हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के एनसीसी, एनएसएस एवं रोवर्स-रेंजर्स के लगभग 150 विद्यार्थियों ने नमो घाट पर आयोजित एयर शो में प्रतिभाग किया। प्राचार्य प्रो रजनीश कुंवर ने शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के दल को रवाना किया। दल का नेतृत्व डॉ अनिल कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ रवीश कुमार व श्रेष्ठा रावत भी उपस्थित रहे। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं तथा युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। एयर शो के दौरान राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस सहित वायुसेना के विमानों ने शानदार उड़ान और हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के हॉक विमानों तथा सारंग टीम के एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टरों के रोमांचक प्रदर्शन ने दर्शकों को आकर्षित किया। विमानों की तेज गति, कलाबाजियों और आकर्षक फॉर्मेशन ने विद्यार्थियों में विशेष उत्साह पैदा किया। ‘विंग्स ओवर गंगा’ का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को किया जा रहा है। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए भारतीय वायुसेना की शक्ति, आधुनिक तकनीक और अनुशासित कार्यप्रणाली को समझने का प्रेरणादायी अवसर रहा।
SOURCE: HARISHCHANDRA PG COLLAGE KE PRACHARYA



