'स्वच्छता मित्र नींव के पत्थर,इनका सम्मान बड़ी बात'-सीएम योगी
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान गुरुवार को रामकटोरा स्थित सरोज पैलेश में पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी द्वारा 76 दिनों तक चलाए गए वार्ड प्रयास के समापन के अवसर पर आयोजित "स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह" में मौजूद भारी संख्या में सफाई कर्मियों, उनके परिजनों सहित उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा है कि जो समाज को परिवार मानता है वही बदलाव और प्रगति के पथ पर प्रदेश को ले जाता है। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता मित्रों को नींव का पत्थर बताते हुए कहा कि इनका सम्मान बहुत बड़ी बात है। उन्होंने इस अभियान को अभिनव बताते हुए अभिनंदन किया और कहा कि अगर 403 विधानसभा में ऐसी ही प्रवृत्ति उत्पन्न हो जाए तो बदलाव को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने चेताया कि काफी समय तक सत्ता में रहने से नकारात्मकता पैदा होती है। उसे ऐसे कार्यों के माध्यम से जागरूकता पैदा कर रोका जा सकता है। योगी ने कहा कि शासन का अपना एक दायरा है, लेकिन जनप्रतिनिधि की पहुंच ज्यादा है। इसी का परिणाम रहा कि 76 दिन में हजारों लोगों तक विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी पहुंचे। इस अवसर पर नगर निगम, जलकल के 600 से अधिक सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं मंच पर 11 सफाई कर्मियों को अपने हाथों सम्मानित किया। सफाई कर्मियों का पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाई कर्मियों को किट भी उपलब्ध कराए। कार्यक्रम में स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, सदस्य विधान परिषद राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, विधायक डॉ सुनील पटेल, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
SOURCE: SUCHNA VIBHAG, VARANASI


