वेदों की रक्षा ब्राह्मण ग्रन्थों के माध्यम से ही सम्भव-स्वामी अमृतानंद
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। धर्म एवं अध्यात्म की नगरी काशी के हनुमान घाट स्थित कांची कामकोटीश्वर मंदिर में श्री शुक्ल यजुर्वेद माध्यन्दिन शाखा कण्ठस्थ दण्डक्रम पारायण का शुभारम्भ स्वामी अमृतानन्द सरस्वती महाराज के करकमलों द्वारा दीपप्रज्वलन एवं स्वस्तिवाचन के साथ विधिवत् सम्पन्न हुआ। यह आयोजन महर्षि वेदव्यास प्रतिष्ठान पुणे, एवं समर्थ अद्वैत पाठशाला, त्र्यम्बकेश्वर के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। अपने उद्बोधन मे स्वामी ने वेदों के संरक्षण, संवर्धन एवं परम्परागत ज्ञान के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिपादन किया कि वेदों की सुरक्षा ब्राह्मण ग्रन्थों और अर्थशास्त्र के माध्यम से ही सम्भव होगी। उन्होंने वैदिक परम्परा को सुरक्षित रखने तथा अगली पीढ़ी तक प्रामाणिक रूप में पहुँचाने के लिए पारम्परिक अध्ययन, अभ्यास और विद्वानों के मार्गदर्शन को महत्त्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में जगद्गुरु स्वामी विजयेंद्र सरस्वती जी महाराज एवं स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज के आशीर्वाद एवं प्रेरणा का स्मरण किया गया। उद्घाटन सत्र में आचार्य प्रो हृदयरंजन शर्मा, आचार्य प्रो किशोर मिश्रा, आचार्य प्रो राजाराम शुक्ल, आचार्य पी एच सुब्रमण्यन, आचार्य प्रो रविन्द्र मुळे तथा आचार्य प्रो सदाशिव कुमार द्विवेदी सहित अनेक विद्वज्जन उपस्थित रहे। इनके साथ वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी, के वेंकटेरमण घनपाठी एवं राकेश तिवारी की भी विशिष्ट उपस्थिति रही। इस अवसर पर वैदिक मन्त्रों के सस्वर पाठ और पारम्परिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। चिरंजीव अद्वैत एवं चिरंजीव समर्थ ने कण्ठस्थ वैदिक पाठ-परम्परा के प्रति अपनी साधना एवं समर्पण का परिचय दिया। कार्यक्रम के संयोजक वेदमूर्ति शैलेन्द्र काकड़े गुरु एवं वेदमूर्ति डॉ गजानन ज्योतकर गुरु हैं। परीक्षक के रूप में वेदभास्कर प्रशांत जोशी गुरु तथा वेदमूर्ति किरण पाठक गुरु का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। यह आयोजन शुक्ल यजुर्वेद की माध्यन्दिन शाखा की दण्डक्रम पाठ-परम्परा के संरक्षण, वैदिक विद्वत्ता के संवर्धन तथा युवा पीढ़ी में वेदाध्ययन के प्रति रुचि जागृत करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। काशी की प्राचीन विद्या-परम्परा में यह आयोजन वैदिक संस्कृति की निरन्तरता और गुरु-शिष्य परम्परा की महत्ता को पुनः रेखांकित करता है।
SOURCE: INFORMATION BY ORGNIZERS.



