सेना के शौर्य के नाम पर फर्जी पास बांटने वालो पर हो दर्ज एफआईआर- राघवेंद्र चौबे
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। वाराणसी में आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने फोटो लगाकर पास वितरित किए जाने के मामले में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने आज कोतवाली थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए एफआईआर दर्ज करने तथा दोषी पाए जाने वाले जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी की पावन धरती पर भारतीय वायुसेना के एयर शो जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के तहत पास जारी करने की व्यवस्था की गई थी। ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का पालन करना और प्रवेश व्यवस्था को व्यवस्थित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी होती है। लेकिन वाराणसी में भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने फोटो लगाकर पास वितरित किए जाने का मामला सामने आया है। यदि इन पासों को सक्षम प्रशासनिक प्राधिकारी से अधिकृत नहीं कराया गया था, यह गंभीर विषय है। प्रशासन को इसकी जांच कर स्पष्ट करना चाहिए कि पास किसने तैयार किए, किसके निर्देश पर वितरित किए गए और क्या उनके माध्यम से आम जनता को भ्रमित किया गया। उन्होंने कहा कि यह सवाल केवल पास पर फोटो लगाने का नहीं, बल्कि भारतीय सेना के सम्मान और सार्वजनिक आयोजनों की गरिमा का है। यदि कोई जनप्रतिनिधि अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करके किसी सरकारी अथवा सैन्य आयोजन से जुड़े पास पर अपनी तस्वीर लगाकर उसका वितरण करता है, तो इससे जनता के बीच गलत संदेश जाता है। ऐसे कृत्यों से यह भ्रम पैदा हो सकता है कि संबंधित पास किसी जनप्रतिनिधि की ओर से जारी किए गए हैं या उनके राजनीतिक प्रभाव से लोगों को प्रवेश मिल रहा है।धोखेबाजी करके नियमों का उल्लंघन किए जाने वाले जिम्मेदार जनप्रतिनिधियो के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कोतवाली थाने में तहरीर देकर पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि जारी की गई पासों की जांच की जाए, उनके नमूने और वितरण से संबंधित तथ्यों का सत्यापन किया जाए तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जाए। यदि जांच में फर्जी पास तैयार करने, उनका अनधिकृत वितरण करने, जनता को गुमराह करने या किसी अन्य नियमविरुद्ध गतिविधि की पुष्टि होती है, तो संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। प्राथमिकी दर्ज करवाने वालो में राघवेंद्र चौबे, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, प्रवीन प्रकाश, रमजान अली, अरुण सोनी, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, अब्दुल हमीद डोडे, अनिल पटेल, मिथुन सरकार, बदरे आलम, किशन यादव, शमशाद, गोपाल चौबे, मो उज्जैर, रामजी गुप्ता शामिल रहे।
SOURCE: MAHANAGR CONGRESS COMMITTEE KE ADHYAKSH RAGHVENDRA CHAUBEY KA BAYAAN



