मारवाड़ी महिला संगठन द्वारा गरबा एवं डांडिया महोत्सव का आयोजन।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। मारवाड़ी महिला संगठन द्वारा मंगलवार को मारवाड़ी समाज भवन, लक्सा में गरबा एवं डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन की पूर्व अध्यक्षाओं द्वारा दीप प्रज्वलन के पश्चात नैनी बाजोरिया ने अपनी सुमधुर आवाज में गणेश वंदना एवं दुर्गा माता का भजन की प्रस्तुति दी। नवनिर्वाचित अध्यक्षा अनिता गिनोड़िया ने सभी पूर्व अध्यक्षाओं एवं समाज के वरिष्ठजनों का स्वागत एवं सम्मान किया। अपने संबोधन में उन्होंने मारवाड़ी समाज के सभी सदस्यों से संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने की अपील की। कार्यक्रम में समाज की कन्याओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य एवं अध्यक्षा अनीता गिनोड़िया, सचिव प्रीति केजरीवाल तथा सुजाता, समता, मेघा, दीपा, मेघना, अनु, दीपाली, संगीता आदि ने अम्बे तू जगदंबे मां गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। संचालन संयोजिकाओं समता डिडवानिया, मेघा यादुका, दीपा तुलस्यान तथा मेघना बाजोरिया ने किया। सभी सदस्याओं ने डांडिया खेलकर उत्सव का भरपूर आनंद लिया। सभी प्रतियोगिताओं में सभी सदस्यों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी करी। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, संगीत और डांडिया की खनक से पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर हो उठा। स्वादिष्ट व्यंजनों का भी सभी ने आनंद लिया। अंत में सचिव प्रीति केजरीवाल ने सभी अतिथियों, वरिष्ठजनों एवं सदस्याओं के प्रति आभार व धन्यवाद ज्ञापन किया।
SOURCE: INFORMATION BY MARWADI MAHILA SANGTHAN.



