Kashi ka News वाराणसी: मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, नवंबर 21,22,28,29 को विशेष अभियान।

 वाराणसी: मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, नवंबर 21,22,28,29 को विशेष अभियान।

रिपोर्ट : आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (एसएसआर-2027) के तहत जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची जारी कर दी गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिला प्रशासन ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची और पूरक सूची की हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी सौंपी। साथ ही राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे अपने क्षेत्रों में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें। मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। नवंबर माह के 21-22-28-29 इन तारीखों पर सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा वर्ष 2027 की आगामी निर्धारित अर्हता तिथियों के लिए अग्रिम आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं के साथ-साथ परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि नाम छूट गया है या किसी विवरण में गलती है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सुधार कराएं।

SOURCE: INFORMATION BY JILA PRASHASHAN, VARANASI.