Kashi ka News अखिरी गांव में एकल विद्यालय के बच्चों के साथ मनाई गई दीपावली।

 अखिरी गांव में एकल विद्यालय के बच्चों के साथ मनाई गई दीपावली।

रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना 

वाराणसी। भारत लोक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित एकल विद्यालय ग्राम अखिरी में आज वनयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में राजेश भाटिया, सचिव, भारत लोक शिक्षा परिषद, वाराणसी ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का स्वागत करते हुए एकल विद्यालय अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एकल विद्यालय केवल बच्चों को शिक्षा प्रदान करने का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज में शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक जागरूकता की अलख जगाने वाला एक महत्वपूर्ण अभियान है। समाज के जागरूक एवं उदार नागरिकों के सहयोग से इन विद्यालयों के माध्यम से वंचित बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। मुख्य अतिथि सीए जमुना शुक्ला ने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का छोटा-सा सहयोग भी किसी बच्चे के जीवन में शिक्षा, आशा और उज्ज्वल भविष्य का नया अध्याय लिख सकता है। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, देशभक्ति गीतों एवं नाटकों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रतिभा, उत्साह और आत्मविश्वास ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें कॉपी, पेंसिल, रबर सहित अन्य पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। दीपावली के पावन अवसर पर बच्चों को उपहार एवं मिठाइयाँ भी दी गईं और सभी ने उनके साथ मिलकर दीपावली की खुशियाँ साझा कीं। अंत में प्रमोद जायसवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, सभी सम्मानित अतिथियों, दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम मे कमल अग्रवाल, उदय राज सिंह, मनबोधन सिंह, चंद्र प्रकाश सिंह, श्याम सुंदर सर्राफ , उमा शंकर श्रीवास्तव, रवि प्रकाश जायसवाल, ममता जायसवाल, अजय गुप्ता सहित अनेकों गणमान्य उपस्थित रहे।

SOURCE: INFORMATION BY BHARAT LOK SHIKSHA PARISHAD, VARANASI.