मेवों की मालाओं से सजी बाबा के रजत प्रतिमा की निकली शोभायात्रा।
रिपोर्ट: आनंद सिंह अन्ना
वाराणसी। काशी विश्वनाथ के अन्नकूट पर्व पर अद्भुत दृश्य साकार हुआ, जब टेढ़ीनीम स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के महंत आवास से बाबा की चल रजत प्रतिमा की शोभायात्रा निकली। मृदंगम की थाप, पीएसी बैंड की मधुर धुन और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच बाबा की सवारी आगे बढ़ी विश्वनाथ गली का हर कोना श्रद्धा से नतमस्तक हो उठा। अन्नकूट पर बाबा की चल रजत प्रतिमा का विशेष श्रृंगार काजू, किशमिश, बादाम, लौंग और इलायची की मालाओं से बाबा का श्रृंगार किया गया। सजी प्रतिमा का स्वरूप इतना मनोहारी था कि दर्शन करने वाले श्रद्धालु अपलक निहारते रह गए। पं सुशील त्रिपाठी के आचार्यत्व में संजीव रत्न मिश्र भानु ने विधि-विधान से बाबा की प्रतिमा का श्रृंगार किया, पूजन-अर्चन कर आरती उतारी। बाबा को शोभायात्रा के लिए तैयार किया गया। महंत आवास से मृदंगम की थाप और पीएसी बैंड की धुन के साथ बाबा की चल रजत प्रतिमा की शोभायात्रा निकली। बाबा की रजत प्रतिमा विश्वनाथ गली में पहुंची तो जो जहां था, वहीं ठहर गया। दुकानदार, खरीदार, श्रद्धालु एवं स्थानीय लोगों का कदम कुछ पल के लिए थम गए, अपलक बाबा की प्रतिमा को निहारते हुए अपने आराध्य से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए हर-हर महादेव का उद्घोष किया। शोभायात्रा मंदिर चौक तक पहुंचकर बाबा की प्रतिमा को विधि-विधान से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान कराया गया। यहां संजीव रत्न मिश्र भानु ने बाबा की आरती उतारी और परंपरागत पूजन-अर्चन संपन्न कराया। अन्नकूट पर्व पर महंत आवास से मंदिर के गर्भगृह तक चली इस धार्मिक परंपरा में श्रद्धालुओं ने भी पूरी श्रद्धा के साथ सहभागिता की। महंत परिवार में वंशवृद्धि के कारण इस वर्ष अन्नकूट और पूजन की पारंपरिक जिम्मेदारी संजीव रत्न मिश्र भानु ने निभाई।
SOURCE: INFORMATION BY MAHANT FAMILY, TEDHI NEEM/ SANJEEV RATNA MISHRA BHANU.


